मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

JPSC पीटी परीक्षा जांच में CID की बड़ी पहल, 2204 सफल अभ्यर्थियों से मांगी OMR शीट की कार्बन कॉपी

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने जांच प्रक्रिया को तेज कर दिया है। विशेष जांच दल (SIT) ने पीटी परीक्षा में सफल हुए सभी 2204 अभ्यर्थियों से उनकी ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध कराने की अपील की है। सीआईडी का कहना है कि अभ्यर्थियों द्वारा उपलब्ध कराई गई कार्बन कॉपी का आयोग के रिकॉर्ड में मौजूद ओएमआर शीट से मिलान किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की विसंगति या संभावित छेड़छाड़ की जांच की जा सके।

व्हाट्सएप और ईमेल के जरिए भेजनी होगी कॉपी

सीआईडी की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि सफल अभ्यर्थी पेपर-1 और पेपर-2 की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी का पीडीएफ तैयार कर या उसकी स्पष्ट तस्वीर लेकर एसआईटी को भेजें। दस्तावेज भेजने के लिए सीआईडी ने व्हाट्सएप नंबर 9934309058 और ईमेल आईडी Complainjpsc.cid@jhpolice.gov.in जारी की है। जांच एजेंसी ने अभ्यर्थियों से जल्द से जल्द अपनी ओएमआर शीट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

OMR शीट में विसंगति मिलने पर होगी पूछताछ

सीआईडी सूत्रों के अनुसार, जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अभ्यर्थियों के पास मौजूद कार्बन कॉपी और आयोग के रिकॉर्ड में उपलब्ध ओएमआर शीट के बीच कोई अंतर तो नहीं है। यदि किसी अभ्यर्थी की ओएमआर शीट में विसंगति या संदिग्ध बदलाव पाया जाता है, तो उसे आगे की पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से लगातार पूछताछ

इधर, जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच के तहत आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। मंगलवार को दूसरे दिन भी उन्हें सीआईडी मुख्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां अधिकारियों ने कई घंटों तक उनसे सवाल-जवाब किए। इससे पहले 28 जुलाई को भी उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ हुई थी। जांच के दौरान परीक्षा संचालन, मूल्यांकन प्रक्रिया, परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया और भर्ती से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक पहलुओं पर जानकारी ली गई।

यह भी पढ़ें : बांकीपुर उपचुनाव: सुबह 9 बजे तक 4.61% मतदान, 3.79 लाख मतदाता तय करेंगे 25 उम्मीदवारों की किस्मत

31 जुलाई को फिर होगा सामना

सीआईडी ने पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते को 31 जुलाई को एक बार फिर पूछताछ के लिए तलब किया है। जांच एजेंसी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोपों की सत्यता जानने के लिए दस्तावेजों एवं संबंधित अधिकारियों से पूछताछ कर रही है। JPSC पीटी परीक्षा को लेकर उठे सवालों के बीच सीआईडी की यह कार्रवाई जांच को नए चरण में ले जाने वाली मानी जा रही है। अब अभ्यर्थियों से प्राप्त ओएमआर शीट की कार्बन कॉपियां जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment