JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के X हैंडल पर केस, यूजर की पहचान के लिए X कॉर्प को नोटिस

Meenu | August 24, 2026 | 10:39 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के एक्स (X) हैंडल को लेकर रांची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना ने एक्स कॉर्प के विधि प्रकोष्ठ को नोटिस भेजकर अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान और उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी मांगी है। पुलिस का आरोप है कि हैंडल से राज्य सरकार के खिलाफ कथित तौर पर झूठी, भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की जा रही थीं। पुलिस के अनुसार, इन पोस्ट के जरिए सरकार की छवि खराब करने और सार्वजनिक शांति प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

यह भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026: चौथी सोमवारी पर देवघर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कंट्रोल रूम से लाइव निगरानी

कोतवाली थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी

मामले में कोतवाली थाना में कांड संख्या 183/2026 दर्ज की गई है। साइबर थाना की ओर से एक्स कॉर्प को भेजे गए नोटिस में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 94 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69 का उल्लेख किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353, 196 और 356 के साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।

अकाउंट संचालक की पहचान के लिए मांगी जानकारी

रांची पुलिस ने एक्स कॉर्प से अकाउंट संचालक से संबंधित कई जानकारियां उपलब्ध कराने को कहा है। इनमें नाम, पता, मोबाइल नंबर, वैकल्पिक ईमेल आईडी, आईपी एड्रेस, आईएमईआई नंबर समेत अन्य तकनीकी जानकारी शामिल है। पुलिस सोशल मीडिया हैंडल से किए गए पोस्ट की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, एक्स कॉर्प से आवश्यक जानकारी मिलने के बाद अकाउंट संचालक की पहचान की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

Share this news

संबंधित खबरें