Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर जारी आंदोलन के बीच शनिवार को मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में छात्र प्रतिनिधिमंडल और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण वार्ता होने जा रही है। JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच का 8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रशासनिक निगरानी में स्टेट गेस्ट हाउस पहुंच चुका है, जहां कुछ ही देर में बातचीत शुरू होगी। यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब आंदोलनरत छात्रों और सरकार के बीच समाधान निकालने की कोशिशें तेज हो गई हैं। छात्र संगठन की ओर से उम्मीद जताई जा रही है कि इस बैठक में उनकी प्रमुख मांगों पर गंभीर चर्चा होगी।
पहले दौर की वार्ता नहीं रही थी निर्णायक
गौरतलब है कि शुक्रवार को सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन कर रहे दूसरे छात्र गुट के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की थी। हालांकि उस वार्ता से कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका था। इसके बावजूद दोनों पक्षों ने बातचीत के रास्ते खुले रखने की बात कही थी। इसी कड़ी में शनिवार को देवेंद्रनाथ महतो समर्थित छात्र गुट के प्रतिनिधियों के साथ यह दूसरा महत्वपूर्ण संवाद हो रहा है।
छह दिनों से अनशन पर हैं देवेंद्रनाथ महतो
छात्रों की मांगों के समर्थन में JLKM नेता देवेंद्रनाथ महतो पिछले छह दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि JPSC और JSSC से संबंधित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें : पाकुड़: सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर किया सड़क जाम

8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल करेगा सरकार से बातचीत
सरकार के साथ होने वाली वार्ता में JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच की ओर से निम्नलिखित सदस्य शामिल है। दीनबंधु मंडल, पूजा कुमारी, चंदन कुमार, बिमल कुमार, प्रेम कुमार, रविशंकर, अमित कुमार शर्मा, रामावतार महतो अब सभी की नजर इस बैठक के नतीजों पर टिकी है। माना जा रहा है कि यदि वार्ता सकारात्मक रहती है तो आंदोलन के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो सकती है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

