JPSC-JSSC आंदोलन: अनशनकारी छात्र राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ी, सदर अस्पताल में भर्ती

Rupa Kumari | August 8, 2026 | 02:34 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच अनशन पर बैठे छात्रों की स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ने लगी हैं। आमरण अनशन कर रहे पलामू निवासी छात्र राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह डॉक्टरों की टीम ने राहुल क्रांति का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान उन्हें वायरल फीवर होने की पुष्टि हुई। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

रांची सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश सिंह ने बताया कि फिलहाल आंदोलन से जुड़े राहुल क्रांति ही अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि छात्र की स्थिति स्थिर है और चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार आमरण अनशन के कारण स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को देखते हुए विशेष सावधानी बरती जा रही है, ताकि किसी प्रकार की जटिलता उत्पन्न न हो।

यह भी पढ़ें : रांची में आदिवासी महोत्सव और जतरा को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्तों पर वाहनों की नो-एंट्री; पार्किंग भी तय

आंदोलन के बीच बढ़ी स्वास्थ्य को लेकर चिंता

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन और आमरण अनशन के बीच छात्रों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। लगातार अनशन और शारीरिक कमजोरी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं। वहीं, आंदोलनकारी छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं और सरकार के साथ वार्ता के जरिए समाधान निकलने की उम्मीद जता रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें