JMM का बाबूलाल मरांडी पर हमला, कहा- 26 साल बाद भी क्षेत्र की समस्याएं कायम

Rupa Kumari | August 24, 2026 | 01:50 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए उनके राजनीतिक अनुभव और विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि करीब 26 साल के राजनीतिक जीवन, मुख्यमंत्री पद और भाजपा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने के बावजूद उनके क्षेत्र के गरीब और आदिवासी लोगों की समस्याएं अब भी बनी हुई हैं।

सरकार की कमियां गिनाने के साथ खुद से भी सवाल पूछें

JMM ने कहा कि बाबूलाल मरांडी लगातार राज्य सरकार की कमियों को लेकर सवाल उठाते हैं और आरोप लगाते हैं। पार्टी का कहना है कि सरकार की कमियां गिनाना आसान है, लेकिन लंबे राजनीतिक अनुभव के बाद अपने क्षेत्र की समस्याओं पर जवाब देना भी जरूरी है। पार्टी ने कहा कि जनता को जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्र में हुए विकास और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर सवाल पूछने का पूरा अधिकार है।

सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल

JMM ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में एक ग्रामीण की तस्वीर का हवाला देते हुए क्षेत्र में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सवाल उठाया। पार्टी के मुताबिक, कई ग्रामीण इलाकों में आज भी मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पार्टी ने सवाल किया कि जब बाबूलाल मरांडी लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं और मुख्यमंत्री पद भी संभाल चुके हैं, तो उनके विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हुआ।

राजनीतिक बयानबाजी के साथ विकास पर भी ध्यान देने की नसीहत

JMM ने कहा कि राज्य सरकार पर सवाल उठाने के साथ जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान में अपनी भूमिका भी बतानी चाहिए। पार्टी ने बाबूलाल मरांडी से पूछा कि इतने लंबे राजनीतिक अनुभव के बावजूद क्षेत्र के लोगों की बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो सका। JMM का यह हमला ऐसे समय में आया है जब बाबूलाल मरांडी लगातार छात्र आंदोलन और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें