Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री की आलोचना करने वाले छात्रों को पुलिस की ओर से नोटिस भेजे जाने के मामले पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस का इस्तेमाल कर छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। बाबूलाल मरांडी ने छात्रों को भेजे जा रहे नोटिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को छात्रों को डराने या धमकाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी सोशल मीडिया टाइमलाइन पर किए गए पुराने पोस्ट देखने की सलाह देते हुए कहा कि अगर सरकार और पुलिस में हिम्मत है तो उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाए।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पुणे तो जाते हैं, लेकिन झारखंड क्यों नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस-झामुमो सरकार की ओर से छात्रों के खिलाफ की जा रही कथित दमनात्मक कार्रवाई पर राहुल गांधी की चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने राहुल गांधी से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
भाजपा ने दी जेल भरो आंदोलन की चेतावनी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि सरकार छात्रों को डराने, धमकाने या उन्हें जेल भेजने का प्रयास करती है, तो भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जेल भरो आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों को डराकर उनकी आवाज दबाई नहीं जा सकती और भाजपा उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है।
यह भी पढ़ें : पलामू SP ने किया महिला थाना के नए भवन का उद्घाटन, पीड़ित महिलाओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

JPSC-JSSC मामले में आंदोलन जारी रखने का ऐलान
भाजपा नेता ने कहा कि JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और नौकरी बेचने के आरोपों के खिलाफ पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक भाजपा अपना आंदोलन जारी रखेगी। बाबूलाल मरांडी ने सरकार से छात्रों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवादों का निष्पक्ष समाधान निकालने और युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

