Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के युवाओं को विमानन क्षेत्र में रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट ने प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी की है। नागर विमानन प्रभाग के तहत संचालित संस्थान के एयर होस्टेस एवं ग्राउंड क्रू प्रशिक्षण प्रभाग में डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के लिए चयन साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संस्थान की ओर से चयनित अभ्यर्थियों की पहली वरीयता सूची अगस्त के अंतिम सप्ताह में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाने की संभावना है। इसके बाद चयनित युवाओं का प्रशिक्षण सितंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें : चतरा में राहुल दुबे गैंग से पुलिस की मुठभेड़, अपराधी विकास के पैर में लगी गोली
साक्षात्कार में अंग्रेजी, आत्मविश्वास और रुचि पर जोर
प्रशिक्षण के लिए आयोजित चयन साक्षात्कार में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता के साथ अंग्रेजी भाषा पर पकड़, आत्मविश्वास और विमानन क्षेत्र में रुचि का आकलन किया गया। संस्थान के अनुसार चयन प्रक्रिया निर्धारित मानकों के आधार पर पूरी की गई है। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को विमानन उद्योग की जरूरतों के अनुरूप व्यावसायिक और रोजगारपरक कौशल प्रदान करना है। इससे प्रशिक्षण के बाद अभ्यर्थियों को विमानन क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न रोजगार अवसरों के लिए बेहतर तरीके से तैयार होने में मदद मिलेगी।

एयरलाइंस से एयरपोर्ट तक करियर के विकल्प
झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एसपी सिन्हा ने कहा कि देश में विमानन क्षेत्र लगातार विस्तार कर रहा है। इसके साथ ही इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को झारखंड में ही गुणवत्तापूर्ण और उद्योग आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं के लिए एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ट और ग्राउंड क्रू के अलावा एयरलाइंस, एयरपोर्ट, ग्राउंड हैंडलिंग और विमानन आतिथ्य जैसे क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं

Reporter | Samachar Post

