Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी रांची सहित मध्य, उत्तर-पश्चिम, दक्षिणी और संताल परगना के इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से लेकर 7 अगस्त तक राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। हालांकि इस अवधि में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन लगातार होने वाली वर्षा से मौसम सुहावना बना रहेगा और लोगों को उमस से राहत मिलेगी।
इन जिलों में अच्छी बारिश की संभावना
पूर्वानुमान के अनुसार रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, चतरा और कोडरमा सहित मध्य एवं उत्तर-पश्चिम झारखंड के जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद, गिरिडीह और जामताड़ा में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है। इससे दिन के समय गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, जबकि सुबह और शाम का मौसम अधिक ठंडा और सुखद रहेगा।


मौसम विभाग की लोगों से अपील
मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। निचले इलाकों में जलजमाव, फिसलन और दृश्यता कम होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही जिन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, वहां खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा और पूरे झारखंड में मौसम सुहावना बना रहेगा।













