- राजकीय पॉलिटेक्निक केंद्र पर प्रवेश को लेकर विवाद, कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से मतगणना जारी
Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत 23 फरवरी को हुए मतदान के बाद आज शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई। राज्यभर के काउंटिंग सेंटरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट किया था कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराई जाएगी। इसके लिए विशेष प्रशासनिक टास्क फोर्स भी तैनात है।
धनबाद में काउंटिंग से पहले हंगामा
धनबाद के राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित मतगणना केंद्र पर सुबह उस वक्त माहौल गरमा गया, जब विभिन्न प्रत्याशियों के मतगणना अभिकर्ताओं (काउंटिंग एजेंट) को अंदर प्रवेश से रोक दिया गया। सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोकने पर एजेंटों ने गेट पर ही नारेबाजी शुरू कर दी। काउंटिंग एजेंट बबलू बनर्जी ने आरोप लगाया कि पहले जानकारी दी गई थी कि 11 कमरों में चलने वाली मतगणना के दौरान हर प्रत्याशी का एक-एक एजेंट मौजूद रहेगा। लेकिन गिनती शुरू होने से ठीक पहले नियमों का हवाला देकर सिर्फ एक एजेंट को ही अंदर जाने की अनुमति देने की बात कही गई। एजेंटों ने इस फैसले को लेकर प्रशासन पर पक्षपात और पारदर्शिता में कमी का आरोप लगाया। हालांकि मौके पर मौजूद अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और हंगामा शांत कराया।

यह भी पढ़ें :बारिश के बाद गिरी ठंडक, अब फिर चढ़ेगा पारा, होलिका दहन तक बढ़ेगी गर्मी

मेयर प्रत्याशियों के कैंप में हलचल
धनबाद में मेयर प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल के कैंप में सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। चाय-बिस्किट के दौर के बीच परिणामों को लेकर चर्चाएं तेज रहीं। अन्य प्रत्याशियों के शिविरों में भी हलचल देखी गई। अब सभी की नजर मतगणना के रुझानों और अंतिम नतीजों पर टिकी है।
काउंटिंग सेंटर के बाहर सख्त सुरक्षा
मतगणना केंद्र के आसपास वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। बैरिकेडिंग की गई है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो।






















