झारखंड में मानसून सक्रिय, 11 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी; कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

Rupa Kumari | July 8, 2026 | 11:00 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में मानसून का असर लगातार मजबूत होता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। राजधानी रांची समेत अधिकांश जिलों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। रांची स्थित मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 8 जुलाई से राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यह मौसम पूर्वानुमान 9 जुलाई की सुबह तक प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार रांची, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, कोडरमा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम सहित राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

11 जुलाई तक येलो अलर्ट

मौसम केंद्र ने 11 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। संभावित मौसम परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग की ओर से जारी सलाह में कहा गया है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और पेड़ों के नीचे शरण न लें। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और बिजली गिरने की आशंका होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें:रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में रथ यात्रा की तैयारियां तेज, सुरक्षा के लिए ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी

किसानों के लिए राहत, जनजीवन पर भी असर

लगातार हो रही बारिश से जहां किसानों को खरीफ फसलों की बुआई और धान रोपनी में राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। झारखंड में मानसून की सक्रियता को देखते हुए अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Share this news

संबंधित खबरें