मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

झारखंड में 2 अगस्त तक भारी बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट; अब भी 25% कम है मानसूनी वर्षा

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। हालांकि बुधवार दोपहर बाद कुछ इलाकों में मौसम साफ होने से उमस बढ़ गई, लेकिन मौसम विभाग ने गुरुवार से फिर बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान जताया है। अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

2 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार 2 अगस्त तक झारखंड में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

बंदगांव में सबसे अधिक 72 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव में सबसे अधिक 72.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि उसके बाद अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

अब भी सामान्य से 25 प्रतिशत कम बारिश

1 जून से 29 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में सामान्य 489.2 मिमी बारिश के मुकाबले केवल 362.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यानी राज्य में अब भी 25 प्रतिशत कम मानसूनी बारिश हुई है। सबसे अधिक वर्षा की कमी वाले जिले इस प्रकार हैं गढ़वा में 62% कम, चतरा में 61% कम, पाकुड़ में 58% कम, देवघर में 56% कम, कोडरमा में 50% कम,गोड्डा में 48% कम, गिरिडीह में 47% कम, पलामू में 42% कम, बोकारो में 35% कम बारिश वर्षा दर्ज की गई है।

इन जिलों में बेहतर रही मानसूनी स्थिति

राज्य के कुछ जिलों में मानसून का प्रदर्शन बेहतर रहा है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 19 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं सिमडेगा में केवल 1 प्रतिशत और सरायकेला-खरसावां में 3 प्रतिशत बारिश की कमी रही, जो सामान्य के करीब मानी जा रही है। राजधानी रांची में अब तक सामान्य से 15 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

बारिश की कमी में आ सकता है सुधार

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मानसून और सक्रिय हो सकता है। यदि पूर्वानुमान के अनुसार अच्छी बारिश होती है तो राज्य में अब तक दर्ज वर्षा की कमी में काफी हद तक सुधार होने की संभावना है।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment