Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा शुक्रवार को संथाल परगना प्रमंडल के छह जिलों में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा के लिए देवघर पहुंचीं। दौरे के दौरान उन्होंने सबसे पहले बाबा बैद्यनाथ धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और इसके बाद बासुकीनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ मंदिर में की पूजा
देवघर पहुंचने पर डीजीपी ने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने दुमका जिले के बासुकीनाथ मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी उनके दौरे का अहम हिस्सा रही।
छह जिलों के एसपी के साथ अपराध समीक्षा बैठक
पूजा-अर्चना के बाद डीजीपी दुमका पहुंचीं, जहां उन्होंने संथाल परगना प्रमंडल के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में दुमका प्रक्षेत्र के डीआईजी सहित देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों की जांच, सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

श्रावणी मेला को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश
श्रावणी मेला के मद्देनजर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। डीजीपी ने अधिकारियों को मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
यह भी पढ़ें :गुमला में बदहाल 108 एंबुलेंस सेवा, 17 में सिर्फ 4 एंबुलेंस लंबी दूरी के लिए सक्षम
चौकसी बढ़ाने पर जोर
अपराध समीक्षा बैठक के दौरान सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, खुफिया तंत्र को सक्रिय बनाए रखने और किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और संथाल परगना क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

