जामताड़ा: झगड़े के बाद पत्नी ने चाकू मारकर की पति की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Rupa Kumari | September 22, 2025 | 11:12 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुर्मीपाड़ा पाइपलाइन इलाके में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। घरेलू झगड़े के बाद पत्नी ने पति के सीने में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना कैसे हुई

मृतक की पहचान 35 वर्षीय महावीर यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से निजी ट्रक चालक था। जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम महावीर ट्रक पार्क करने के बाद अपने बड़े भाई अवधेश यादव और पत्नी काजल साव के साथ किराए के मकान पर पहुंचा। तीनों ने मिलकर शराब पी। इसके बाद भाई कमरे में सो गया, जबकि पति-पत्नी बाहर आकर आपस में किसी बात को लेकर झगड़ने लगे।

झगड़े के दौरान गुस्से में आकर काजल साव ने चाकू से महावीर के सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महावीर की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें : जमशेदपुर: ब्लिंकिट कर्मचारियों और बस्तीवासियों के बीच बवाल, जमकर पथराव

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल से चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। आरोपी पत्नी काजल साव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

परिजनों का आरोप

मृतक के पिता रामसुबोध यादव ने बताया कि 14 साल पहले उनकी जबरन शादी हुई थी। दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे और चार साल पहले शराब के नशे में महावीर ने पत्नी को चोट भी पहुंचाई थी। वहीं, काजल साव के पिता सूरज उर्फ पप्पू साव का कहना है कि वह बार-बार दोनों को शराब पीने से मना करता था, लेकिन नहीं मानते थे और आखिरकार यह घटना घट गई।

आगे की जांच जारी

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की पूरी तहकीकात की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें