जामताड़ा में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बेटा गिरफ्तार, पिता फरार

Rupa Kumari | July 13, 2026 | 10:29 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी से जुड़े एक कथित नेटवर्क का खुलासा किया है। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिठरा निवासी शराफत अंसारी के रूप में हुई है। वहीं मामले में उसका पिता मुर्तजा अंसारी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, बागबेर और कलाझरिया के बीच शीतलपुर मैदान के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक संख्या JH-21P-3347 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की से 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसके बाद मौके पर ही शराफत अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आए अहम खुलासे

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पिता मुर्तजा अंसारी लंबे समय से ब्राउन शुगर के कारोबार में शामिल है। उसने दावा किया कि उसे केवल नशीले पदार्थ की ढुलाई और आपूर्ति के लिए भेजा जाता था, जबकि पूरे कारोबार का संचालन, पैसों का लेन-देन और हिसाब-किताब उसके पिता संभालते थे। पुलिस इन दावों की जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। मामले की सूचना मिलने पर जामताड़ा एसडीपीओ वसीम रजा मौके पर पहुंचे और जांच की समीक्षा की। इसके बाद पुलिस टीम ने मुर्तजा अंसारी के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह फरार मिला। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

कर्माटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे ने बताया कि मामले में कर्माटांड़ थाना कांड संख्या 53/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी शराफत अंसारी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जामताड़ा मंडल कारागार भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें: जादू-टोने के शक में 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, गुमला में आरोपी गिरफ्तार

नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस निगरानी और छापेमारी अभियान को और तेज करने की तैयारी में है।

Share this news

संबंधित खबरें