जामताड़ा में सर्पदंश से भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रवि बाध्यकर का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

Rupa Kumari | July 13, 2026 | 04:07 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत सदर पंचायत निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुंडहित मंडल उपाध्यक्ष रवि बाध्यकर का रविवार देर रात सर्पदंश से निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार रवि बाध्यकर को सांप ने काट लिया था, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए पश्चिम बंगाल के शिरडी स्थित एक अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

जानकारी के मुताबिक सर्पदंश की घटना के बाद परिवार के लोग बिना देर किए उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे। प्रारंभिक उपचार के बाद भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। सोमवार दोपहर तक उनके पार्थिव शरीर को गांव लाने की प्रक्रिया जारी रही। रवि बाध्यकर के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक

रवि बाध्यकर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ-साथ कुंडहित मंडल के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर फैल गई। भाजपा के कई नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

यह भी पढ़ें: DPS बोकारो में 19 जुलाई को होगा तैराकी चयन ट्रायल, 24 जुलाई से रांची में शुरू होगी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप

क्षेत्र ने खोया एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता

स्थानीय लोगों के अनुसार रवि बाध्यकर सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे तथा क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी अच्छी पहचान थी। उनके असामयिक निधन को क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। गांव और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है तथा लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें