बकरीद को लेकर जामताड़ा प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

Rupa Kumari | May 27, 2026 | 02:42 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : बकरीद के मद्देनजर जामताड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसपी शंभू कुमार सिंह और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से संयुक्त निर्देश जारी कर सभी संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। प्रशासन को आशंका है कि पर्व के दौरान कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

ईदगाह और मस्जिदों के आसपास सख्त सुरक्षा

प्रशासन के अनुसार बकरीद के मौके पर ईदगाह और मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचेंगे। कई स्थानों पर भीड़ अधिक होने की स्थिति में सड़कों पर भी नमाज पढ़ी जा सकती है, जिससे यातायात प्रभावित होने की संभावना है। इसे देखते हुए ईदगाह और मस्जिदों तक जाने वाले रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट करने की भी तैयारी की गई है। जिला प्रशासन ने व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि धर्म, जाति या समुदाय विशेष की भावनाएं भड़काने वाले पोस्ट, फोटो या मैसेज साझा करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: रांची में पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार”, दो दिनों में 30 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार

विवादित इलाकों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर

जिन क्षेत्रों में पहले तनाव या विवाद की घटनाएं हो चुकी हैं, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस को ऐसे लोगों पर नजर रखने को कहा गया है, जिनका नाम पहले सांप्रदायिक घटनाओं में सामने आ चुका है। इसके अलावा पशु तस्करी, अवैध बूचड़खानों और प्रतिबंधित मांस की बिक्री रोकने के लिए भी विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

खुले में कुर्बानी नहीं देने की अपील

प्रशासन ने शांति समिति के माध्यम से लोगों से खुले में कुर्बानी नहीं देने की अपील की है। साथ ही कुर्बानी के बाद बची अनुपयोगी चीजों का निपटारा साफ-सफाई और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए करने को कहा गया है। बकरीद के दौरान डीजे और लाउडस्पीकर पर भड़काऊ गाने या आपत्तिजनक सामग्री बजाने पर भी रोक रहेगी।

बुधवार से तैनात रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिस बल

प्रशासन ने बुधवार दोपहर से ही दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारियों और पुलिस बल को अपने-अपने तैनाती स्थल पर मौजूद रहने का निर्देश दिया है। स्थिति सामान्य होने तक सभी अधिकारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष, एम्बुलेंस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

Share this news

संबंधित खबरें