जमशेदपुर में वेल्डिंग के दौरान युवक पर हमला, सिर पर रॉड से वार; हालत गंभीर

Rupa Kumari | May 11, 2026 | 12:13 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भालूबासा में रविवार दोपहर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। वेल्डिंग का काम कर रहे युवक के सिर पर अज्ञात हमलावर ने स्टील की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार, मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी निवासी करीब 30 वर्षीय मोहम्मद मुमताज उर्फ आशिक रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपने कार्यस्थल पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक पीछे से आया और उनके सिर पर स्टील की रॉड से जोरदार वार कर फरार हो गया।

हमले के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

अचानक हुए हमले में मुमताज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद वहां मौजूद सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक सिर में गहरी चोट लगने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। घायल युवक के भाई मोहम्मद फैयाज ने बताया कि मुमताज की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में परिवार इस घटना से पूरी तरह स्तब्ध है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

यह भी पढ़ें: रजरप्पा ज्वेलर्स डकैती कांड में बड़ा खुलासा, जमीन में गाड़कर छिपाए गए जेवर बरामद

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। झारखंड पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें