मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

जमशेदपुर SSP सड़क पर उतरे, बाइक से शहर में किया फ्लैग मार्च; सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर में हाल के आपराधिक घटनाक्रमों के बीच सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब रविवार शाम खुद सड़क पर उतरे। हेलमेट पहनकर बाइक चलाते हुए एसएसपी ने पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया। उनके साथ डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी सीसीआर, टाइगर मोबाइल और पीसीआर के जवान मौजूद रहे।

सीसीआर से शुरू हुआ फ्लैग मार्च

फ्लैग मार्च साकची सीसीआर परिसर से शुरू हुआ। पुलिस टीम पुराना कोर्ट मोड़, मरीन ड्राइव गोलचक्कर और बिंदल मॉल होते हुए कदमा के रंकिणी मंदिर पहुंची। यहां एसएसपी कुछ देर रुके और स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद टीम सोनारी, जुबिली पार्क, मानगो गोलचक्कर, पारडीह चौक, डिमना चौक और डिमना रोड होते हुए भुइयांडीह बस स्टैंड पहुंची। वहां से बर्निंग घाट, भुइयांडीह लिली चौक, एग्रिको, गोलमुरी, आरडी टाटा गोलचक्कर, बर्मामाइंस और स्टेशन होते हुए करनडीह, परसुडीह, जुगसलाई और गोपाल मैदान के रास्ते बिष्टुपुर पहुंची। फ्लैग मार्च के बाद पुलिस टीम वापस सीसीआर परिसर पहुंची।

दुकानदारों और राहगीरों से लिया फीडबैक

फ्लैग मार्च के दौरान एसएसपी ने कई प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में बाइक रोककर दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत की। उन्होंने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस गश्ती और स्थानीय समस्याओं को लेकर लोगों से फीडबैक लिया। एसएसपी ने लोगों से अपील की कि वे बेफिक्र होकर अपना कारोबार करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। अड्डेबाजी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

साकची-जुबिली पार्क रोड पर लगा जाम

रविवार होने के कारण साकची बाजार और जुबिली पार्क के आसपास काफी भीड़ थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में पुलिस वाहनों के एक साथ गुजरने से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। साकची गोलचक्कर से जुबिली पार्क मुख्य गेट और मानगो की ओर जाने वाली सड़कों पर वाहनों की कतार लग गई। इसके बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment