Samachar Post डेस्क, रांची : INDIA गठबंधन का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार, 9 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेगा। विपक्षी दलों के नेता चुनाव आयोग के कामकाज, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेंगे।
15 की जगह 10 सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल पर बनी सहमति
रिपोर्ट के मुताबिक, INDIA गठबंधन ने राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए 7 से 9 अक्टूबर के बीच का समय मांगा था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने प्रतिनिधिमंडल से मिलने पर सहमति जताई। बताया गया है कि राष्ट्रपति सचिवालय ने प्रतिनिधिमंडल में 15 के बजाय 10 सदस्यों को शामिल करने का आग्रह किया था। INDIA गठबंधन ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।
राहुल गांधी, खड़गे और अखिलेश यादव समेत कई नेता होंगे शामिल
सूत्रों के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित अन्य विपक्षी नेता शामिल हो सकते हैं। विपक्षी गठबंधन राष्ट्रपति के सामने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएं रखेगा। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी।





















