मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छात्रों के मुद्दों और भर्ती परीक्षाओं पर हुई चर्चा

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर राज्य के विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों को सरकार गंभीरता से ले रही है तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।

भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों की शिकायतों से संबंधित मामले सरकार के संज्ञान में हैं। इन मामलों की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की चिंताओं को समझती है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय न हो। मुख्यमंत्री के अनुसार, जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले

हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार संवाद में विश्वास रखती है और जिन लोगों की कोई मांग या शिकायत है, वे अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जा रहा है और सरकार लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भर्ती परीक्षाओं को लेकर कई प्रकार की बातें सामने आ रही हैं, जिनकी सत्यता की जांच की जा रही है। सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

राज्यपाल ने पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

मुलाकात के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि परीक्षा आयोजित करने वाले आयोगों और संस्थाओं को इस प्रकार कार्य करना चाहिए कि उनकी कार्यप्रणाली पर किसी प्रकार का संदेह न हो और युवाओं का भरोसा कायम रहे।

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में वज्रपात का कहर, 10 लोगों की मौत; देवरी में एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत 5 की गई जान

युवाओं को न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार युवाओं के हितों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनी रहे और युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों का निष्पक्ष समाधान हो। भर्ती परीक्षाओं को लेकर राज्य में जारी बहस और छात्र आंदोलनों के बीच मुख्यमंत्री और राज्यपाल की यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment