हजारीबाग में SIR 2026 के दौरान कथित लापरवाही पर सख्ती, प्लस टू स्कूल के प्राचार्य पर कार्रवाई के निर्देश

Meenu | July 13, 2026 | 01:00 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान के दौरान कथित लापरवाही बरतने के मामले में हजारीबाग जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विष्णुगढ़ स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय के प्राचार्य फणीश्वर नाथ महतो के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त (DC) ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को पत्र जारी कर प्राचार्य से कारण बताओ स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा नियमानुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

यह भी पढ़ें : हजारीबाग में उजड़े फुटपाथ दुकानदारों से मिले सांसद मनीष जायसवाल, पुनर्वास का दिलाया भरोसा

औचक निरीक्षण में बंद मिला विद्यालय

जारी पत्र के अनुसार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, विष्णुगढ़ की प्रतिवेदन रिपोर्ट के आधार पर 30 जून 2026 को जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) के साथ प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर स्थित मतदान केंद्र संख्या 417, 418, 419, 420 और 421 का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक विद्यालय बंद पाया गया, जबकि इसी समय निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का कार्य चलना था।

विद्यालय बंद होने से प्रभावित हुआ निर्वाचन कार्य

विद्यालय बंद होने के कारण वहां तैनात बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को विद्यालय परिसर के बाहर बैठकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य करना पड़ा। भवन उपलब्ध नहीं होने से बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल सकीं, जिससे निर्वाचन कार्य प्रभावित हुआ। प्रशासन का कहना है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा पूर्व में स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने के बावजूद विद्यालय बंद रखा गया, जिसे निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण और समयबद्ध कार्य में लापरवाही तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना माना गया है।

लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम का किया गया उल्लेख

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 134 के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। इसी के मद्देनजर जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि संबंधित प्राचार्य से स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश

इस संबंध में जारी पत्र की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधीक्षक, जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को भी भेजी गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे संवेदनशील और समयबद्ध कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही या सरकारी निर्देशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें