हजारीबाग: कोयला लोड हाइवा की चपेट में युवक की मौत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर सड़क जाम

Meenu | July 12, 2026 | 11:17 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : जिले के बड़कागांव क्षेत्र में कोयला परिवहन मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। रविवार सुबह तक ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, हादसा बड़कागांव के 13 माइल से जुगरा जाने वाली ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर स्थित लोहा पुल के पास हुआ। कोयला लोड हाइवा की चपेट में आने से चेपाकला गांव निवासी नरेश कुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक नरेश कुमार महतो अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें : चतरा: CRPF जवान की मौत के 60 घंटे बाद खत्म हुआ जन-आक्रोश, 10 लाख मुआवजे और कोयला वाहनों पर रोक पर बनी सहमति

देर रात से सड़क पर डटे ग्रामीण; मुआवजा, नौकरी और कार्रवाई की मांग

युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण और परिजन शनिवार देर रात से 13 माइल के पास सड़क पर धरने पर बैठ गए। जाम के कारण कोयला ढोने वाले हाइवा समेत अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई और ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। उनका कहना है कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रशासन ने शुरू की वार्ता

सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और प्रशासन तथा ग्रामीणों के बीच वार्ता चल रही थी।

Share this news

संबंधित खबरें