गुमला में हाईटेंशन टावर पर चढ़कर किशोर ने आत्महत्या का प्रयास, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Samachar Post रिपोर्टर,गुमला : जिले के भरनो थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर ने हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास किया। समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। गंभीर हालत में किशोर का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो में चल रहा है।

यह भी पढ़ें : झारखंड में संगठित अपराध पर पुलिस का बड़ा एक्शन, गैंगस्टरों के खिलाफ बनेगी विशेष SIT

हाईटेंशन टावर पर चढ़कर लगाया फंदा

घटना बोडोटोली बगीचा के पास की है। घायल किशोर की पहचान मनीष उरांव, निवासी मलगो बरटोली, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मनीष गुरुवार शाम से घर से बाहर था। रात में उसका एक दोस्त उसे बोडोटोली बगीचा के पास छोड़कर चला गया, लेकिन वह घर लौटने के बजाय वहीं रुका रहा।

ग्रामीणों और पुलिस ने बचाई जान

शुक्रवार सुबह मनीष पास स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर करीब 15 फीट ऊपर चढ़ गया और गमछे के सहारे फंदा लगाने का प्रयास किया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे देख लिया और तत्काल टावर पर चढ़कर नीचे उतार लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और किशोर को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भरनो पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

आत्महत्या के प्रयास की वजह स्पष्ट नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किशोर ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

संबंधित खबरें