गुमला में 7 वर्षीय मासूम की हत्या से सनसनी, जंगल से मिला शव; शरीर पर मिले गहरे जख्म

Rupa Kumari | June 17, 2026 | 11:28 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : जिले के रायडीह थाना क्षेत्र स्थित कासीर जामटोली गांव में सात वर्षीय बच्चे की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई है। बच्चे का शव गांव के समीप जंगल से बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, नवीन के माता-पिता सोमवार को खेत में काम करने गए थे। इस दौरान वह गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेल रहा था। शाम को जब परिजन वापस लौटे तो नवीन घर पर नहीं मिला। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

जंगल में मिला शव, शरीर पर गंभीर चोटों के निशान

मंगलवार को गांव के नजदीक स्थित जंगल में नवीन का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। बच्चे के सिर, गर्दन, कमर और दाहिने हाथ पर गहरे जख्म के निशान पाए गए। सिर से खून बहने के भी संकेत मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।सूचना मिलने पर रायडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे की हत्या करने के बाद सबूत छिपाने की नीयत से शव को जंगल में फेंक दिया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी भारी नाराजगी देखी जा रही है।

यह भी पढ़ें: दनुआ घाटी में बड़ा सड़क हादसा, पांच वाहन आपस में भिड़े, पाइप लदा ट्रक पलटा

पुलिस ने दर्ज किया मामला

परिजनों की शिकायत के आधार पर रायडीह थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें