Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में वैगनआर कार चालक महेश यादव की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सरिया थाना क्षेत्र के निमाटांड़ गांव के पास रात करीब 8 बजे हुआ। टक्कर के बाद कार आगे चल रहे ट्रेलर में फंस गई। आरोप है कि ट्रेलर चालक कार को करीब छह किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया और फिर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
ट्रेलर में फंसी कार को मंझिलाडीह तक घसीटा
जानकारी के अनुसार, वैगनआर कार में सवार लोग सरिया थाना क्षेत्र के केशवारी से अपने गांव धनवार प्रखंड के गोरहंद लौट रहे थे। इसी दौरान निमाटांड़ के पास कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई। इसके बाद ट्रेलर चालक कार को घसीटते हुए बिरनी थाना क्षेत्र के मंझिलाडीह गांव तक ले गया। करीब छह किलोमीटर बाद वह ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
हथौड़े से तोड़कर कार से निकाले गए सवार
सूचना मिलने पर बिरनी थाना प्रभारी आकाश सिंह भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार ट्रेलर में बुरी तरह फंसी हुई थी, इसलिए उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए हथौड़े की मदद से कार को तोड़ना पड़ा। हालांकि, तब तक चालक महेश यादव की मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।




















