Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के धनवार प्रखंड स्थित एक होटल में कथित अवैध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर चार लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान होटल संचालक मौके से फरार हो गया। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि धनवार क्षेत्र स्थित डिस्कवरी होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के बाद खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ होटल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार युवक-युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि सभी से पूछताछ की जा रही है और मामले के तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, छापेमारी की भनक लगते ही होटल संचालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें: रांची में रियल एस्टेट कारोबारी से 1 करोड़ की रंगदारी की मांग, गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर मिली धमकी
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
हिरासत में लिए गए लोगों को धनवार थाना लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय था। प्रशासन ने प्रारंभिक कार्रवाई के तहत होटल को सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही सभी तथ्यों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

