सरिया में घर के पीछे मिला व्यक्ति का शव, परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या की जताई आशंका

Rupa Kumari | June 1, 2026 | 12:40 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अशोक मंडल के रूप में हुई है, जो इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के नेता राहुल राज मंडल के पिता थे। घटना के बाद परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार अशोक मंडल शुक्रवार देर रात घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह उनका शव घर के पीछे संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

जमीन कारोबारियों पर गंभीर आरोप

मृतक के पुत्र और इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) से जुड़े राहुल राज मंडल ने सरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ बड़े जमीन कारोबारियों समेत पांच लोगों ने साजिश के तहत उनके पिता की हत्या कर शव घर के पीछे फेंक दिया। राहुल का दावा है कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और विरोध करने पर परिवार को लगातार दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और सभी संभावित एंगल पर जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें: साहेबगंज के चपड़ी गांव में बदहाल व्यवस्था, बीमार महिला को खाट पर लादकर पहुंचाया अस्पताल

मामले ने पकड़ा राजनीतिक रंग

घटना के बाद मामला राजनीतिक रूप भी लेता नजर आ रहा है। धनवार विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजकुमार यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए थाना प्रभारी, डीएसपी और सिविल सर्जन से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द मामले का खुलासा नहीं हुआ तो भाकपा माले आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार करेगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी। इस बीच घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें