बोकारो में गैंगस्टर प्रिंस खान की एंट्री, व्यवसायी को बम से उड़ाने की धमकी

Rupa Kumari | March 11, 2026 | 02:00 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : धनबाद में लंबे समय से दहशत का नाम बन चुका गैंगस्टर प्रिंस खान अब बोकारो के कारोबारियों को भी निशाना बनाने की कोशिश में जुट गया है। विदेश में बैठकर अपना गिरोह चलाने वाले कुख्यात अपराधी ने बोकारो के एक बड़े व्यवसायी से रंगदारी मांगी है और पैसे नहीं देने पर साइट पर बम से हमला कराने की धमकी दी है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।

व्यवसायी से मांगी मोटी रंगदारी

जानकारी के मुताबिक, बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र में बीएमडब्ल्यू कंपनी से जुड़ा काम करने वाले व्यवसायी सुरेश सिंह को प्रिंस खान के नाम से धमकी दी गई है। उनसे मोटी रकम की रंगदारी मांगी गई है। बताया जा रहा है कि धमकी भरा पर्चा फेंका गया, जिसमें साफ तौर पर कहा गया है कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस धमकी के बाद से व्यवसायी और उनके परिवार में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में गैस की किल्लत की अफवाह, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़

साइट पर बम से हमला कराने की चेतावनी

धमकी भरे पर्चे में यह भी लिखा गया है कि अगर उसकी मांग पूरी नहीं की गई तो फैक्ट्री या निर्माण साइट पर बम से हमला कराया जाएगा। इस तरह की धमकी मिलने के बाद व्यवसायी ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

विदेश से ऑपरेट कर रहा गिरोह

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंगस्टर प्रिंस खान फिलहाल विदेश में बैठकर अपने नेटवर्क को संचालित कर रहा है। उसके गुर्गे झारखंड के कई जिलों में सक्रिय बताए जा रहे हैं, जो फोन कॉल, सोशल मीडिया और पर्चों के जरिए कारोबारियों से रंगदारी मांगते हैं। धनबाद में पहले भी कई कारोबारियों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। अब बोकारो में इस तरह की घटना सामने आने के बाद पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।

Share this news

संबंधित खबरें