Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले स्थित गिद्दी ए परियोजना में शनिवार शाम बाइक सवार अपराधियों ने एक हाईवा वाहन को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में हाईवा के खलासी करण कुमार के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, घायल करण कुमार को पहले गिद्दी CCL अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : NTPC पकरी बरवाडीह में ट्रांसपोर्ट वाहनों पर फायरिंग, घटनास्थल से मिला प्रिंस खान K.S.S. का पर्चा
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई वारदात की पूरी कहानी
वाहन चालक अनुज के मुताबिक, एक बाइक पर सवार तीन युवक क्रशर के पास पहुंचे। उन्होंने पहले खलासी को एक पर्चा दिया और उसके तुरंत बाद फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां करण कुमार के दोनों पैरों में लगीं, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गिद्दी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
घटनास्थल से मिला धमकी भरा पर्चा
पुलिस को घटनास्थल से एक धमकी भरा पर्चा भी बरामद हुआ है। पर्चे में कथित तौर पर राहुल दुबे गैंग की ओर से घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। साथ ही आनंद जैन को मैनेज करने की धमकी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी लिखी गई है। हालांकि, पर्चे में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इसकी सत्यता की जांच कर रही है।

कर्मचारियों में दहशत, हर पहलू से जांच जारी
गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन ने बताया कि घटनास्थल से मिले पर्चे सहित सभी साक्ष्यों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे संभावित CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। फायरिंग की घटना के बाद गिद्दी ए परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और धमकी भरे पर्चे के संबंध की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Reporter | Samachar Post

