Samachar Post रिपोर्टर,दुमका : संताल परगना रेंज में लूट और डकैती जैसी गंभीर आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को संताल परगना रेंज के DIG अम्बर लकड़ा ने रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) के साथ समीक्षा बैठक कर अपराध नियंत्रण की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में लूट और डकैती के लंबित मामलों की जांच की प्रगति की समीक्षा की गई। DIG ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुराने मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और मजबूत हो सके।
यह भी पढ़ें : बेगूसराय में युवक का सिर कटा शव बरामद, इलाके में फैली दहशत; पुलिस जांच में जुटी
सक्रिय गैंग और अपराधियों पर विशेष फोकस
समीक्षा बैठक के दौरान जिलावार यह जानकारी ली गई कि वर्तमान में किन-किन आपराधिक गिरोहों की गतिविधियां सक्रिय हैं। साथ ही यह भी समीक्षा की गई कि सक्रिय अपराधियों के खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) के तहत कितने प्रस्ताव भेजे गए हैं और किन मामलों में आगे की कार्रवाई लंबित है।

थाना हाजिरी वाले अपराधियों की भी हुई समीक्षा
DIG ने उन अपराधियों की भी जानकारी मांगी जिन पर अदालत या पुलिस के निर्देश के तहत नियमित थाना हाजिरी की शर्त लागू है। उन्होंने सभी SP को ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश
बैठक में सभी जिला पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया गया कि अपराधियों के खिलाफ समन्वित कार्रवाई, खुफिया सूचना तंत्र को मजबूत करने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि संताल परगना क्षेत्र में लूट और डकैती जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Reporter | Samachar Post

