Samachar Post रिपोर्टर,देवघर :देवघर पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। गिरोह का नेटवर्क जामताड़ा और देवघर जिले के कई इलाकों में फैला हुआ था।
यह भी पढ़ें :सरायकेला के आसंगी चेक डैम से दूसरे छात्र का शव बरामद, दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत
एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
यह कार्रवाई 3 जुलाई की रात पालाजोरी थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान की गई। पुलिस को अनारकली हाई स्कूल मैदान के पास एक संदिग्ध युवक बाइक के साथ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय संजय चार के रूप में हुई है, जो जामताड़ा जिले के बिन्दापाथर थाना क्षेत्र के सामारबाद का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान वह बाइक के कागजात नहीं दिखा सका, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह जामताड़ा और देवघर के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय था। आरोपी चोरी की बाइक को ग्रामीण क्षेत्रों में बेहद कम दामों पर बेच देते थे। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य दो सदस्यों को भी पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें अपाचे, पल्सर, सुपर स्प्लेंडर
स्प्लेंडर प्लस, ग्लैमर, पैशन प्रो शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि इनमें से कई बाइक पहले से दर्ज चोरी के मामलों से जुड़ी हुई हैं।

पुलिस की संयुक्त टीम की बड़ी सफलता
इस पूरे अभियान में देवघर पुलिस की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। कार्रवाई में पालाजोरी थाना, पथरौल थाना, मधुपुर थाना और चितरा थाना की पुलिस के साथ सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क, उनके अन्य सहयोगियों और जामताड़ा-देवघर के कनेक्शन की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Reporter | Samachar Post

