Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में क्रिकेट मैच देखने पहुंचे चतरा निवासी धनंजय कुमार की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। धनंजय फिलहाल हरमू इलाके में किराये के मकान में रहते हैं। उन्होंने धुर्वा पुलिस को आवेदन देकर बाइक चोरी की शिकायत की है और वाहन की तलाश करने का अनुरोध किया है।
मैच खत्म होने के बाद पार्किंग से गायब मिली बाइक
धनंजय कुमार के अनुसार, वह मैच देखने के लिए शाम करीब 4 बजे अपने घर से निकले थे। इसके बाद लगभग 4:30 बजे उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल प्रभात तारा मैदान में RV कंस्ट्रक्शन की ओर से की गई पार्किंग व्यवस्था में खड़ी की और मैच देखने चले गए। मैच खत्म होने के बाद जब वह बाइक लेने पार्किंग में पहुंचे, तो उनकी मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। इसके बाद उन्हें बाइक चोरी होने की आशंका हुई।

पुलिस से बाइक की तलाश करने की मांग
धनंजय कुमार ने इस मामले में धुर्वा पुलिस को लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और बाइक की बरामदगी को लेकर आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।


















