Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना फॉर्म भरकर निर्वाचन अधिकारियों को सौंपा। 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई।
मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी
एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उनके अनुसार, मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अपने मतदाता संबंधी विवरण का समय पर सत्यापन कराने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में शहीद एसपी अमरजीत बलिहार समेत 6 जवानों को श्रद्धांजलि, शहादत दिवस पर याद किया बलिदान
SIR अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत नागरिकों की सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे स्वयं एसआईआर प्रपत्र भरें और अपने परिवार, पड़ोस तथा समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।

पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से चुनावी प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Reporter | Samachar Post

