Samachar Post डेस्क,पटना : NEET पेपर लीक मामले, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र संगठन AISA के आह्वान पर आज बिहार बंद का आयोजन किया गया है। इस बंद को राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) के साथ-साथ राजद, कांग्रेस, वीआईपी और वामदलों का भी समर्थन मिला है। संभावित प्रदर्शन को देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन हाई अलर्ट पर है। बिहार बंद के मद्देनजर पूरे राज्य में करीब 70 हजार पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
यह भी पढ़ें : JSSC सहायक आचार्य भर्ती में OBC आरक्षण नहीं मिलने पर विरोध तेज, विज्ञापन संशोधन की मांग
संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई
राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, करगिल चौक, अशोक राजपथ, हाईकोर्ट और मुख्यमंत्री आवास समेत संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा वाटर कैनन, दंगा नियंत्रण उपकरण और सुरक्षा बलों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। बंद और प्रदर्शन को देखते हुए पटना, औरंगाबाद और बेगूसराय समेत कई जिलों में स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
शुक्रवार को निकाला गया फ्लैग मार्च
बिहार बंद से एक दिन पहले शुक्रवार को पटना में एसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में करीब 50 वाहनों के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें विभिन्न थानों के अधिकारी शामिल हुए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

27 FIR दर्ज, 2,000 अज्ञात छात्रों पर केस
छात्र आंदोलन और हिंसा से जुड़े मामलों में पुलिस अब तक 27 एफआईआर दर्ज कर चुकी है, जिनमें करीब 2,000 अज्ञात छात्रों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने 270 छात्रों की तस्वीरें जारी कर उनकी पहचान के लिए लोगों से सहयोग मांगा है। वहीं अब तक 93 छात्रों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
मुजफ्फरपुर में इनाम की घोषणा, पटना में 21 FIR
मुजफ्फरपुर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान बताने वाले को ₹10 हजार का इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, पटना में हालिया प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में चार थानों में करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। राजधानी में अब तक 21 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं और 57 छात्रों की गिरफ्तारी की गई है। आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा, हिंसा, उपद्रव, जानलेवा हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

Reporter | Samachar Post

