Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची से देश के विभिन्न शहरों के लिए हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को इन दिनों महंगे टिकटों का सामना करना पड़ रहा है। प्रमुख एयरलाइंस द्वारा कई उड़ानों की संख्या घटाने और कुछ सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने के बाद सीटों की उपलब्धता कम हो गई है, जिससे कई रूटों पर किराए में 50 से 80 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
एयरलाइंस ने घटाईं कई उड़ानें
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया ने रांची से दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद के लिए संचालित कुछ उड़ानों में कटौती की है। वहीं IndiGo ने कोलकाता, पटना, चेन्नई, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे प्रमुख रूटों पर उड़ानों की संख्या सीमित कर दी है। उड़ानों में कमी आने के कारण यात्रियों के लिए टिकट मिलना कठिन हो गया है और उपलब्ध सीटों की मांग बढ़ने से किराए में भी तेज उछाल देखा जा रहा है। किराए में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी चेन्नई जाने वाले यात्रियों को झेलनी पड़ रही है। पहले जहां इस रूट का औसत किराया करीब 10 हजार रुपये था, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 17,500 रुपये तक पहुंच गया है। अन्य प्रमुख रूटों पर भी टिकट दरों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
खराब मौसम से संचालन प्रभावित
उड़ानों की संख्या कम होने के अलावा खराब मौसम ने भी यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। हाल के दिनों में कई फ्लाइटें निर्धारित समय से देरी से रांची पहुंचीं और रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। विमानन क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतें और लगातार बनी हुई मांग भी किराया बढ़ने की प्रमुख वजहों में शामिल हैं। एयरलाइंस परिचालन लागत बढ़ने के कारण किरायों में समायोजन कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट ने शिव शंकर शर्मा की रिव्यू याचिका खारिज की, 50 हजार रुपये का जुर्माना बरकरार

आगे और महंगा हो सकता है हवाई सफर
विमानन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि रांची से उड़ानों की संख्या जल्द नहीं बढ़ाई गई तो आने वाले दिनों में किराए में और वृद्धि हो सकती है। विशेष रूप से व्यावसायिक और मेडिकल यात्रा करने वाले यात्रियों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ने की आशंका है। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और टिकटों की अग्रिम बुकिंग करें, ताकि बढ़े हुए किराए के प्रभाव को कुछ हद तक कम किया जा सके।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

