Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के चाकुलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित मांस की तस्करी को रोकते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी सोमवार को चाकुलिया थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई।
कैसे हुई गिरफ्तारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धालभूमगढ़ से बंगाल की ओर तीन मोटरसाइकिलों के जरिए मांस तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद नरसिंहपुर मोड़ के पास नाकेबंदी कर पुलिस ने जांच अभियान शुरू किया। कुछ ही देर बाद धालभूमगढ़ की दिशा से तीन मोटरसाइकिलें आती दिखाई दीं। पुलिस को देखकर एक युवक बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। बाकी दो बाइक सवारों की तलाशी लेने पर उनके थैलों में प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें: कुरकुरे की बोरियों में छिपाकर बिहार भेजी जा रही नकली विदेशी शराब, चार तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने मौके से मांस और दोनों मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान हुई, जहीमुद्दीन मल्लिक उर्फ लोधा मल्लिक (47), मजीबुर रहमान (60), दोनों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं, झारखंड गोवंशीय पशु वध प्रतिबंध अधिनियम 2005 की धारा 12, और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया।
अगले कदम
पुलिस ने बरामद मांस की प्रकृति की पुष्टि के लिए एफएसएल जांच शुरू कर दी है। वहीं, फरार हुए तीसरे युवक की तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।