Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय संबंध विभाग द्वारा आयोजित विशेष व्याख्यान श्रृंखला में आज इंटरनेशनल रिसर्च क्लब के विशेष निमंत्रण पर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, राँची की निदेशक और प्रसिद्ध नारीवादी विचारक, डॉ. सिम्मी मेहता ने “दक्षिण एशिया में नारीवादी विदेश नीति की व्याख्या” विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। डॉ. मेहता, जो कि फुलब्राइट स्कॉलर और आईएमपीआरआई के CEO एवं एडिटोरियल डायरेक्टर भी हैं, ने अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में पितृसत्तात्मक प्रवृत्तियों और यथार्थवादी चिंतक हैंस जे. मोरगेनथाऊ के सिद्धांतों पर आधारित नारीवादी आलोचनाओं को विस्तार से समझाया।
नारीवादी विदेश नीति का महत्व
डॉ. मेहता ने स्पष्ट किया कि वैश्विक शक्ति संरचनाओं को न्यायसंगत, समावेशी और मानव-केंद्रित बनाने के लिए नारीवादी मूल्यों का समावेश आवश्यक और अपरिहार्य है। उन्होंने यह भी बताया कि दक्षिण एशिया की सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं में नारीवादी विचार गहराई से निहित हैं।
यह भी पढ़ें: साहिबगंज कॉलेज में छात्रों से रूबरू हुए SP, सफलता के मंत्र साझा किए
दक्षिण एशिया में महिलाओं की ऐतिहासिक भूमिका
व्याख्यान में डॉ. मेहता ने इस क्षेत्र में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर नेपाल, पाकिस्तान, बांग्लादेश और भारत में शीर्ष नेतृत्व तक महिलाओं की निर्णायक भूमिकाएँ नारीवादी विदेश नीति की नींव हैं।
क्षेत्रीय शांति और सहयोग में नारीवादी दृष्टिकोण
डॉ. मेहता ने क्षेत्रीय शांति, सहयोग और मानव सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए न्याय, सह-अस्तित्व और साझेदारी जैसे पारंपरिक मूल्यों को सुदृढ़ करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में शैक्षणिक सहभागिता
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार गुप्ता, सहायक प्राध्यापक डॉ. अपर्णा, डॉ. बिभूति भूषण बिस्वास, डॉ. सुभाष कुमार बैठा सहित सभी छात्रों और शोधार्थियों ने भाग लिया।
अंत में, कार्यक्रम की संचालक बिन्नी कुमारी के आमंत्रण पर डॉ. बिभूति भूषण बिस्वास ने अतिथि वक्ता डॉ. सिम्मी मेहता को हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।