दरभंगा में लूट का विरोध पड़ा भारी, युवक की चाकू मारकर हत्या; 2.5 लाख रुपये लेकर फरार हुए बदमाश

Rupa Kumari | July 22, 2026 | 03:10 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बिहार : बिहार के दरभंगा जिले में लूटपाट के दौरान एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। केवटी थाना क्षेत्र के छतवन गांधी चौक के पास मंगलवार देर रात बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया और उसके पास मौजूद करीब 2.5 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हार्डवेयर दुकान में करता था काम

मृतक की पहचान केवटी थाना क्षेत्र के छतवन गांधी चौक निवासी 22 वर्षीय मो. रेहान के रूप में हुई है। वह मो. अफरोज का पुत्र था और स्थानीय पप्पू हार्डवेयर दुकान में कार्यरत था। रेहान दुकान के हिसाब-किताब का जिम्मा संभालता था और मंगलवार रात दुकान की रकम लेकर मालिक के घर जा रहा था। जानकारी के अनुसार, रेहान बाइक से करीब ढाई लाख रुपये लेकर दुकान मालिक को देने उनके गांव जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसकी बाइक रोक ली। बदमाशों ने रुपये लूटने का प्रयास किया, लेकिन रेहान ने विरोध किया। इससे नाराज अपराधियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान

घटना की सूचना मिलते ही केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल रेहान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केवटी-रनवे ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें : JPSC कार्यालय घेराव के दौरान गरमाया माहौल, बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े भाजयुमो कार्यकर्ता

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बदमाशों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें