Samachar Post रिपोर्टर, रांची : अग्निवीर भर्ती रैली-2026 के सफल आयोजन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार को समाहरणालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और आधारभूत व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
1 सितंबर से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
बैठक के दौरान सेना के अधिकारी एमके शर्मा ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 1 सितंबर से किया जाएगा। यह भर्ती प्रक्रिया लगभग 12 से 13 दिनों तक चलेगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया प्रतिदिन रात 12 बजे से शुरू होगी। इसे देखते हुए भर्ती स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जेनरेटर बैकअप, एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इंटरनेट कनेक्टिविटी और स्वच्छता संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
अभ्यर्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सभी व्यवस्थाएं समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने भर्ती स्थल पर एंबुलेंस, चिकित्सकों की तैनाती, स्ट्रेचर, कूलिंग रूम और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उद्देश्य यह है कि दौड़ या अन्य शारीरिक परीक्षणों के दौरान किसी भी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके। मानसून और संभावित खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त इंतजाम करने का निर्णय लिया है। उपायुक्त ने अधिकारियों को वाटरप्रूफ जर्मन शेल्टर, पर्याप्त विश्राम क्षेत्र, मजबूत बैरिकेडिंग, आवश्यक स्थानों पर कार्पेट बिछाने और अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित प्रतीक्षा स्थल तैयार करने के निर्देश दिए।

विभागों के बीच समन्वय पर जोर
बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भर्ती रैली में बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना है, इसलिए किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति नहीं होनी चाहिए। समीक्षा बैठक में सदर एसडीओ कुमार रजत, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी, सदर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : सरायकेला में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बदमाश
युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर
अग्निवीर भर्ती रैली झारखंड सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रशासन का प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

