Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ी छिनतई की घटना सामने आई। काले रंग की दो बाइकों पर सवार तीन अपराधियों ने स्कूटी सवार गुलेन चंद्र मंडल से पांच लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। वारदात अपराह्न करीब 3:45 बजे तुमादाहा गांव के पास हुई।
यह भी पढ़ें :झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह, 21 छात्रों को मिला गोल्ड मेडल
पुलिस मौके पर पहुंची, छानबीन जारी
सूचना मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर सीमा कुमारी और बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ कर घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। गुलेन चंद्र मंडल तुमादाहा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बेटी की शादी के लिए बैंक से निकाले थे रुपये
पीड़ित ने बताया कि वह अपनी इकलौती बेटी अनामिका उर्फ राखी की शादी के लिए एसबीआई गोविंदपुर शाखा से पांच लाख रुपये निकालकर लौट रहे थे। घर पहुंचने पर उन्होंने स्कूटी की डिक्की से रुपये से भरा बैग निकाला। जैसे ही घर में प्रवेश करने लगे, तभी दो बाइकों पर आए तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और झपट्टा मारकर बैग लेकर फरार हो गए। बेटी की शादी 26 नवंबर को तय है, जिसमें नेरो-गोविंदपुर से बारात आने वाली है।
बैंक से ही मेरा पीछा कर रहे थे युवक- भुक्तभोगी
गुलेन चंद्र मंडल, जो गुवाहाटी में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, ने बताया कि बैंक में पैसे निकालते समय उन्हें दो संदिग्ध युवक लगातार घूरते दिखाई दिए। फिर गोविंदपुर से निकलने के बाद दो बाइकों पर सवार तीन युवक लगातार उनका पीछा करते रहे और घर पहुंचते ही वारदात को अंजाम दे दिया।
Reporter | Samachar Post