Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा :झारखंड के चाईबासा जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ आवाज उठाना एक युवक को भारी पड़ गया। जैतगढ़ ओपी के मुंडाई गांव में बालू ढुलाई रोकने की कोशिश करने पर युवक दीपक प्रधान को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम लगाया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और भीड़ को शांत कराया।
यह भी पढ़ें :हॉकी इंडिया ने 100 साल पूरे होने पर मनाया ऐतिहासिक शताब्दी समारोह
ट्रैक्टर जब्त, जांच जारी लेकिन आरोपी फरार
पुलिस ने घटनास्थल से ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल, किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि दीपक अवैध बालू खनन का विरोध कर रहा था। वाहन रोकने के दौरान यह घटना हुई, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप — माफिया पर प्रशासन मेहरबान
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से बालू माफिया खुलेआम खनन और ढुलाई कर रहे हैं, लेकिन पुलिस और खनन विभाग की उदासीनता के कारण उनका हौसला बढ़ा हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि:
- दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए
- अवैध खनन पर सख्त रोक लगाई जाए
- क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए
- बढ़ती अवैध खनन की घटनाएं बनी चुनौती
यह घटना राज्य में अवैध खनन से जुड़ी बढ़ती हिंसा की गंभीर तस्वीर पेश करती है। बालू तस्करी को लेकर आए दिन हो रहे टकराव अब आम लोगों की जान तक लेने लगे हैं, जिससे प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
Reporter | Samachar Post