Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :सड़क जाम हटाने के दौरान एक आम नागरिक के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद रामगढ़ एसपी ने कड़ा एक्शन लिया है। भुरकुंडा थाना प्रभारी निर्भय कुमार को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह उपेंद्र कुमार को भुरकुंडा थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
दो दिन पहले भुरकुंडा मेन रोड पर किसी विवाद के बाद सड़क जाम लग गया था। जाम खुलवाने के लिए थाना प्रभारी निर्भय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान एक व्यक्ति से उनकी झड़प हो गई और आरोप है कि थाना प्रभारी ने उसे गंभीर रूप से पीट दिया, जिससे वह घायल हो गया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें पुलिसकर्मियों द्वारा की गई मारपीट साफ तौर पर देखी जा सकती है।
यह भी पढ़ें :गुमला: पुलिस एसोसिएशन सचिव महिला पुलिसकर्मी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप
वीडियो वायरल होते ही SP ने दिए जांच के आदेश
मामला तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद रामगढ़ एसपी ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच के आदेश दिए। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसपी ने निर्भय कुमार को थाना प्रभारी पद से हटाने का फैसला लिया।
कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल
इस कार्रवाई के बाद जिला पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी ने साफ संकेत दिया है कि जनता के साथ गलत व्यवहार और पुलिस की छवि खराब करने वाली किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post