Samachar Post रिपोर्टर, बिहार:बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के छाता चौक स्थित फरदो नाले से बुधवार को एक युवक का शव बरामद हुआ। शव नाले के पानी में मुंह के बल गिरा हुआ था। स्थानीय लोगों ने शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह के खंभरा इको पार्क का होगा और विकास, जापान सरकार करेगी मदद
पहचान की प्रक्रिया जारी
थानेदार नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि मृतक की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक नशे की हालत में नाले में गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक वार्ड नंबर 26 के स्पीकर चौक इलाके का रहने वाला था और अक्सर नशे की हालत में इधर-उधर घूमता देखा जाता था।
स्थानीयों की मांग ,बने सुरक्षा दीवार और ग्रिल
घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नाले के किनारे सुरक्षा दीवार और ग्रिल लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
Reporter | Samachar Post