मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

Asian Games 2026: चैंपियन बेटियों के स्वागत में झूमा रांची, एयरपोर्ट पर गूंजा ढोल-नगाड़ों का शोर

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक स्वर्णिम जीत के बाद झारखंड की चार स्टार खिलाड़ी रविवार को रांची पहुंचीं। सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचते ही हॉकी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेलप्रेमियों और परिजनों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स के फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। यह जीत एशियन गेम्स में महिला हॉकी के लिए 44 साल बाद आया स्वर्ण पदक है। टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में झारखंड की चारों खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही।

ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से हुआ स्वागत

जापान से बेंगलुरु होते हुए चारों खिलाड़ी जब बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचीं, तो उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग पहले से मौजूद थे। खिलाड़ियों के एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उनका अभिनंदन किया गया। खेलप्रेमियों ने हॉकी स्टिक और फूल-मालाओं के साथ अपनी चैंपियन खिलाड़ियों का स्वागत किया। खिलाड़ियों को बुके और मिठाई भी दी गई।

माता-पिता से मिलकर भावुक हुईं खिलाड़ी

एयरपोर्ट पर सबसे भावुक पल उस समय आया, जब चारों खिलाड़ियों ने अपने माता-पिता और परिजनों से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने परिजनों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। पूरा एयरपोर्ट परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘झारखंड की बेटियां जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।

सलीमा टेटे की कप्तानी में ऐतिहासिक जीत

झारखंड की सलीमा टेटे ने भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी की। उनके साथ ओलंपियन निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और युवा खिलाड़ी दीपिका सोरेंग ने भी टीम की स्वर्णिम यात्रा में अहम योगदान दिया। चीन के खिलाफ फाइनल में 1-0 की जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में लंबे अंतराल के बाद स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

हॉकी जगत की कई हस्तियां रहीं मौजूद

खिलाड़ियों के स्वागत के दौरान हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष अस्रिता लकड़ा, महानिदेशक विजय शंकर सिंह, एसोसिएट उपाध्यक्ष माइकल लाल और संयुक्त सचिव दुलारी टोपनो समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार, SERSA के प्रशांत मुखर्जी, झारखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, सुमराय टेटे, हॉकी सिमडेगा के कमलेश्वर मांझी, हॉकी खूंटी के दशरथ महतो, SAI के पूर्व कोच विश्वनाथ सिंह, हॉकी कोच करुणा पूर्ति और शिक्षा विभाग के चंद्रदेव सिंह समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी एयरपोर्ट पहुंचे। झारखंड की इन चार खिलाड़ियों की स्वर्णिम उपलब्धि के बाद रांची में हुआ स्वागत राज्य में हॉकी के प्रति लोगों के उत्साह और खिलाड़ियों के प्रति सम्मान का खास नजारा रहा।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment