Samachar Post रिपोर्टर, रांची : भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। स्टेडियम में मैदान की घास काटने से लेकर दर्शकों के लिए टिकट काउंटर और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शनिवार को आयोजन समिति की बैठक में मैच की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि मैच के दौरान दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
मैदान और स्टेडियम में तैयारियां तेज
जेएससीए स्टेडियम के मैदान को मैच के लिए तैयार करने का काम जारी है। घास की कटिंग समेत अन्य जरूरी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। स्टेडियम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। मैच के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जाएगा। दोनों टीमें 7 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगी, जबकि रांची में सीरीज का मुकाबला 9 अक्टूबर को होगा।
6-7 अक्टूबर को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक मिलेंगे टिकट
जेएससीए के अनुसार, मैच के टिकट काउंटर 6 और 7 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। स्टेडियम के पश्चिमी गेट के पास कुल 6 काउंटर बनाए गए हैं। इनमें चार काउंटर आम दर्शकों के लिए और दो काउंटर महिलाओं व दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित किए गए हैं। एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट दिए जाएंगे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टिकट काउंटर के आसपास लोहे और बांस की बैरिकेडिंग की गई है। रांची टी-20 मैच के लिए सबसे सस्ता टिकट हिल एरिया का ₹1,600 है। वहीं सबसे महंगा टिकट प्रेसिडेंट्स एनक्लोजर का ₹18,000 निर्धारित किया गया है। टिकट खरीदने वाले दर्शकों को निर्धारित काउंटर और अधिकृत माध्यम से ही टिकट लेने की सलाह दी गई है।
सोशल मीडिया पर फेक टिकट वायरल
भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के नाम पर सोशल मीडिया पर फर्जी टिकट वायरल होने की जानकारी भी सामने आई है। वायरल टिकट देखने में वास्तविक जैसा है और उस पर टिकट की कीमत भी अंकित है। जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडे ने बताया कि वायरल टिकट जेएससीए के संज्ञान में आया है, लेकिन उसका मूल टिकट अभी जेएससीए को उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने ऑनलाइन टिकट खरीदने वाले दर्शकों से सावधानी बरतने की अपील की है। फर्जी टिकट के जरिए साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए दर्शकों को केवल अधिकृत माध्यम से टिकट खरीदने की सलाह दी गई है।
टिकट की कीमतों पर सांसद ने जताई आपत्ति
इस बीच गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने रांची में होने वाले टी-20 मैच के टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने जेएससीए से टिकट की बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की मांग की है। सांसद ने जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडे, सचिव सौरभ तिवारी और कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष को पत्र लिखकर टिकट की कीमतों पर सवाल उठाया है। चंद्र प्रकाश चौधरी का कहना है कि टिकट की कीमतों में हुई बढ़ोतरी उचित नहीं है। उन्होंने टिकट मूल्य निर्धारण में BCCI के नियमों की अनदेखी का आरोप भी लगाया है। साथ ही अन्य राज्यों के क्रिकेट संघों की तुलना में टिकट की अधिक कीमत को जनहित के खिलाफ बताते हुए जेएससीए से दर कम करने की मांग की है।

सुरक्षा और पार्किंग पर भी रहेगा फोकस
मैच के दौरान स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा। पुलिस बल की तैनाती के साथ दर्शकों की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। मैच से पहले स्टेडियम परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिए जाने के साथ अब क्रिकेट प्रशंसकों को 6-7 अक्टूबर से टिकट मिलने का इंतजार है।





















