मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

रांची सदर अस्पताल में जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी, न्यूरोसर्जरी सेवा ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची सदर अस्पताल में 46 वर्षीय भूषण सिंह के जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी की गई है। मरीज पिछले करीब दो वर्षों से बीमारी से परेशान था। निजी अस्पताल में इलाज और सर्जरी पर करीब 8 लाख रुपये से अधिक खर्च होने की बात सामने आई थी। इसके बाद मरीज ने सदर अस्पताल में इलाज कराया, जहां न्यूरोसर्जन डॉ. विकास कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया।

मस्तिष्क में था मेनिन्जियोमा ट्यूमर

मरीज के मस्तिष्क में मेनिन्जियोमा पाया गया था। चिकित्सकों के अनुसार, इस तरह की सर्जरी में ट्यूमर को निकालने के दौरान आसपास की महत्वपूर्ण नसों, रक्तवाहिनियों और सामान्य मस्तिष्क ऊतकों को सुरक्षित रखना चुनौतीपूर्ण होता है। ऑपरेशन के दौरान रक्तस्राव और महत्वपूर्ण न्यूरोलॉजिकल संरचनाओं को नुकसान पहुंचने जैसी जटिलताओं का जोखिम रहता है। ऐसे में सर्जरी के दौरान सटीक तकनीक, लगातार निगरानी और एनेस्थीसिया प्रबंधन महत्वपूर्ण होता है।

डॉ. विकास कुमार की टीम ने किया सफल ऑपरेशन

इस चुनौतीपूर्ण मामले की सर्जरी डॉ. विकास कुमार और उनकी टीम ने की। ऑपरेशन के दौरान न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया और OT टीम के बीच बेहतर समन्वय के साथ सर्जिकल प्रक्रिया पूरी की गई। चिकित्सकों के मुताबिक, सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है और वह चिकित्सकीय निगरानी में स्वास्थ्य लाभ कर रहा है।

सदर अस्पताल में बढ़ रहा न्यूरोसर्जरी का दायरा

रांची में जटिल ब्रेन सर्जरी के लिए मरीजों को अब तक मुख्य रूप से RIMS और चुनिंदा निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवा के विस्तार के बाद यहां ब्रेन एवं स्पाइन ट्रॉमा, ब्रेन ट्यूमर, सर्वाइकल और लम्बर स्पाइन की बीमारियों समेत अन्य न्यूरोसर्जिकल मामलों की सर्जरी की जा रही है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने कहा कि अस्पताल की न्यूरोसर्जरी सेवा लगातार विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रही है। जटिल ब्रेन और स्पाइन सर्जरी का सफल होना इस सेवा के विस्तार की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अस्पताल का प्रयास है कि गंभीर मरीजों को विशेषज्ञ उपचार सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में ही उपलब्ध कराया जा सके।

आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को मिलेगी राहत

सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। ब्रेन और स्पाइन ट्रॉमा के साथ ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों की सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होना मरीजों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

डॉक्टरों और OT टीम की रही अहम भूमिका

इस जटिल ऑपरेशन में डॉ. विकास कुमार और उनकी न्यूरोसर्जरी टीम के साथ एनेस्थीसिया टीम के डॉ. नीरज और डॉ. ज्योतिका की महत्वपूर्ण भूमिका रही। OT टीम से अमित, सुरेश, नीली, संजू, नंदिनी, कंचन समेत अन्य कर्मचारियों ने भी सहयोग किया। सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवाओं के विस्तार से ब्रेन और स्पाइन से जुड़ी गंभीर बीमारियों के इलाज की सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment