Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन-6 में गुरुवार देर रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। उपद्रवियों ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद एक कार में आग लगाने की कोशिश किए जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि, समय रहते स्थानीय लोगों की नजर पड़ने से बड़ा हादसा टल गया।
दुकान का ताला तोड़कर सामान सड़क पर फेंका
बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने इलाके की एक दुकान को भी निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी बिरसानगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने रात के समय इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



















