Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : डीएवी बरकाकाना में बच्चों के बीच स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नन्हे बच्चों ने अपने घरों से पौधे लाकर शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। बच्चों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
बच्चों ने लगाए पौधे, देखभाल की जिम्मेदारी भी संभाली
विद्यालय परिसर में पौधरोपण के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। इससे पहले भी बच्चों द्वारा लगाए गए कई पौधे अब पेड़ का रूप ले चुके हैं। इन पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी बच्चे स्वयं निभा रहे हैं। पौधरोपण के दौरान बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले गीत भी प्रस्तुत किए। उन्होंने ‘डू नॉट कट ट्री’ और ‘खाली करना जंगल को, यह तो अच्छी बात नहीं’ जैसे गीतों के माध्यम से पेड़ों और जंगलों के संरक्षण का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान से भी जुड़े हैं बच्चे
विद्यालय में स्वच्छता को लेकर भी लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। CCL की ओर से कोयलांचल क्षेत्र में स्वच्छता पखवाड़ा चलाने के साथ विद्यालय में भी स्वच्छता अभियान को बढ़ावा दिया जाता है। स्वच्छता मित्रों के जागरूकता प्रयासों का असर बच्चों पर भी देखने को मिल रहा है। बच्चे विद्यालय में डस्टबिन का सही इस्तेमाल करने के साथ अपने घरों में भी स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
प्राचार्य ने बच्चों के प्रयास की सराहना की
विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा ने बच्चों में पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिख रही जागरूकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रकृति और स्वच्छता के प्रति इसी तरह की जिम्मेदारी विकसित होती रही तो पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के अधिक से अधिक घरों तक पहुंचाने का प्रयास करें।






















