Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : टुंडी प्रखंड के मनिहाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जातखूंटी पंचायत के गुलियाडीह गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने एक सहायक शिक्षक को कुचल दिया। घटना में गिरजा मुर्मू की मौके पर ही मौत हो गई। वह गुलियाडीह के नया प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। बताया गया कि गिरजा मुर्मू देर रात गांव में मौजूद थे। इसी दौरान जंगली हाथियों का झुंड वहां पहुंच गया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। गांव में दहशत का माहौल है।
एक महीने से टुंडी इलाके में घूम रहे हाथी
ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड पिछले करीब एक महीने से टुंडी क्षेत्र में विचरण कर रहा है। हाथियों के बार-बार आबादी वाले इलाकों के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों को गांवों और बस्तियों से दूर रखने के लिए वन विभाग की ओर से पर्याप्त और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
अधिकारी नहीं पहुंचे तो बढ़ा ग्रामीणों का गुस्सा
घटना के कई घंटे बाद तक वन विभाग और प्रशासन के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने मृतक शिक्षक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। foग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए पहले से प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की जाती तो ऐसी घटना की आशंका कम की जा सकती थी। फिलहाल घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।






















