Samachar Post रिपोर्टर, रांची : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) का तीसरा दीक्षांत समारोह 24 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में 2024-26 शैक्षणिक सत्र के स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। विश्वविद्यालय के कुल 6415 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी, जिनमें 3065 छात्र और 3350 छात्राएं शामिल हैं। दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इस दौरान शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
142 विद्यार्थियों को मिलेगा गोल्ड मेडल
दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 142 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। इनमें छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है। कुल 93 छात्राएं और 49 छात्र अपने-अपने विषयों में बेहतर प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल हासिल करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इस दीक्षांत समारोह का एक प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ. राकेश मोहन को मानद उपाधि प्रदान किया जाना है। विश्वविद्यालय की ओर से शिक्षा और अकादमिक क्षेत्र में उनके योगदान के सम्मान में यह उपाधि दी जाएगी।
विद्यार्थियों के लिए खास होगा समारोह
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, तीसरा दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए यादगार अवसर होगा। इस दौरान डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ स्वर्ण पदक विजेताओं को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। विश्वविद्यालय की ओर से आयोजन को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।




















